
किसानों को CM योगी का तोहफा, अब सिर्फ छह प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा कर्ज
उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए साल से पहले उन्हें तोहफा दिया है। अब किसानों को केवल छह प्रतिशत ब्याज पर कर्ज मिलेगा, जिससे उन्हें कृषि कार्यों में मदद मिलेगी। यह कदम किसानों की आर्थिक स्थिति को सुधारने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में उठाया गया है।
लघु और सीमांत किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि अब उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक (एलडीबी) के माध्यम से किसानों को मात्र छह प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण मिलेगा। अभी तक किसानों को इस ऋण पर लगभग 11.50 प्रतिशत ब्याज देना पड़ता था। ब्याज की शेष राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत यह घोषणा मुख्यमंत्री ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025 के समापन अवसर पर लखनऊ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जूपिटर हाल में आयोजित युवा सहकार सम्मेलन एवं यूपी को-आपरेटिव एक्सपो-2025 के उद्घाटन के दौरान की।
उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सामाजिक समता और आत्मनिर्भरता की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से देश में पहली बार सहकारिता मंत्रालय का गठन हुआ और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा मिली।
