
गोरखपुर: नए साल में पर्यटकों के लिए खुलेगा शानदार पर्यटन स्थल
गोरखपुर शहर में नए साल में एक और पर्यटन केंद्र जुड़ जाएगा: चिलुआताल। रामगढ़ताल के बाद अब चिलुआताल पर्यटकों को आकर्षित करेगा। चिलुआताल घाट का सौंदर्यीकरण पूरा हो गया है और जनवरी में लोकार्पण हो सकता है। यहां बोटिंग, दुकानें और अन्य मनोरंजन की सुविधाएं होंगी। पर्यटन विभाग ने 20 करोड़ 39 लाख रुपये की परियोजना को पूरा किया है।
गोरखपुर। नए साल में एक और पर्यटन केंद्र शहर के नाम जुड़ जाएगा। शहर के दक्षिणी छोर में रामगढ़ताल प्रदेश सरकार द्वारा कराए गए कायाकल्प से टूरिज्म का हाट स्पाट बना हुआ है तो वहीं, अब उत्तरी छोर पर चिलुआताल पर्यटकों को लुभाएगा। चिलुआताल घाट के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो गया है। नए वर्ष में जनवरी में लोकार्पण हो सकता है।
सीएम योगी के विजन से विकसित चिलुआताल टूरिस्ट स्पाट मनोरंजन के साथ रोजगार का केंद्र भी बनेगा। सात दुकानें यहां बनकर तैयार हो गईं हैं। घाट पर एक तरफ लोग सर्वाधिक लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर मनोरंजन करेंगे वहीं लोग यहां लगी दुकानों पर जायके का आनंद भी ले सकेंगे। यही नहीं, चिलुआताल में भी रामगढ़ताल की तर्ज पर लोगों को बोटिंग करने की सुविधा मिलेगी।
कार्यदायी संस्था के रूप में यूपी प्रोजेक्ट्स कार्पोरेशन लिमिटेड की ओर से कराए गए कार्यों में 570 मीटर पाथवे निर्माण, 70 मीटर तक घाट के सीढ़ियों का निर्माण, ताल किनारे रेलिंग, सोलर लाइट, इंटरलाकिंग, सीसी रोड, बेंच, एप्रोच रोड, बोल्डर पिचिंग, दुकान, शौचालय फिडींग रूम जैसे बुनियादी कार्यों के अलावा कार्य भी पूरे हो चुके हैं। इससे चिलुआताल की आभा निखर कर सामने आ रही है। लोग अभी से ही सुबह टहलने के लिए आना शुरू कर दिए हैं। दिन में भी यहां लोग घाट का आनंद लेना शुरू कर दिए हैं।

