
ईरान ने देश की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी की मौत की पुष्टि की
ईरान ने मंगलवार को देश की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी की मौत की पुष्टि की. इससे पहले इसराइल ने लारिजानी के मारे जाने का दावा किया था.
ईरान ने देश की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी की मौत की पुष्टि की है.
बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय ने एक बयान में कहा कि उनके साथ ही उनके बेटे, परिषद के उप सुरक्षा प्रमुख और उनके अंगरक्षक भी मारे गए हैं.
इससे पहले इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने सोमवार को हुए हमले में लारिजानी के मारे जाने का दावा किया था.
इसराइली मीडिया की रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अली लारिजानी और उनके बेटे एक अपार्टमेंट में थे जहां उन पर हमला किया गया.
ऐसा कहा जाता है कि सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनेई की मौत के बाद और नए नेता की नियुक्ति से पहले, लारिजानी ने वास्तव में सत्ता के संचालन में निर्णायक भूमिका निभाई थी.
इसराइली सेना के एक अधिकारी ने बीबीसी को पुष्टि की है कि लारिजानी को आईडीएफ़ ने निशाना बनाया था.
इसराइली रक्षा मंत्री ने कहा कि इसराइली सुरक्षा बलों ने एक और शीर्ष सुरक्षा अधिकारी और बसीज कमांडर ग़ुलाम रज़ा सुलेमानी को भी मार दिया है.

