
किरण देसाई बुकर प्राइज़ के लिए शॉर्टलिस्ट
2006 में बुकर पुरस्कार जीत चुकी किरण देसाई अपने नए उपन्यास के साथ बुकर 2025 की शॉर्टलिस्ट में शामिल हुई हैं।
बुकर पुरस्कार विजेता लेखिका किरण देसाई मंगलवार को अपने नए उपन्यास ‘द लोनलीनेस ऑफ सोनिया एंड सनी’ के साथ एक बार फिर प्रतिष्ठित साहित्यिक पुरस्कार की शॉर्टलिस्ट में शामिल हो गई हैं। निर्णायकों ने इस कृति को अमेरिका में रहने वाले एक युवा भारतीय जोड़े की जिंदगी पर आधारित “विस्तृत और गहन” कहानी बताया है।
दिल्ली में जन्मीं 53 वर्षीय किरण देसाई ने 2006 में अपने उपन्यास ‘द इनहेरिटेंस ऑफ लॉस’ के लिए बुकर पुरस्कार हासिल किया था। लगभग 19 साल बाद वह एक बार फिर इस सम्मानजनक शॉर्टलिस्ट में जगह बनाने वाले दुनिया के चुनिंदा लेखकों में शामिल हुई हैं।
उन्होंने अपने नवीनतम उपन्यास को लिखने में लगभग 20 वर्ष लगाएअगर वह इस साल फिर जीतती हैं तो बुकर प्राइज़ के 56 साल के इतिहास में वह पांचवीं लेखक होंगी, जिन्हें दो बार बुकर सम्मान मिला है।
इससे पहले इस साल लेखिका बानू मुश्ताक़ और अनुवादक दीपा भास्ती ने अपनी लघु-कथा ‘हार्ट लैंप’ के लिए इंटरनेशनल बुकर प्राइज़ जीता था।
2025 की विजेता पुस्तक की घोषणा 10 नवंबर को लंदन के ओल्ड बिलिंग्सगेट में एक समारोह में की जाएगी, जिसमें विजेता को 50,000 पाउंड का पुरस्कार मिलेगा। चुने गए छह लेखकों में से प्रत्येक को 2,500 पाउंड और उनकी पुस्तक का एक विशेष रूप से जिल्दबंद संस्करण मिलेगा।

