
मऊ में भीषण सड़क हादसा: बेटी की शादी से लौट रहे परिवार के 5 लोगों की मौत, दो ड्राइवर और पालतू कुत्ता भी नहीं बचा
गोरखपुर के एक परिवार की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब रांची से शादी करके लौटते वक्त मऊ में भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में गई और ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में मां-बाप, बेटा और दो ड्राइवर समेत 5 लोगों की मौत हो गई, पालतू कुत्ता भी नहीं बचा। शुरुआती वजह ड्राइवर को झपकी आना बताई जा रही है। टक्कर इतना भीषण था कि गाड़ी काटकर शव निकालने पड़े।
आयाम स्वरूप, गोरखपुर।
शनिवार तड़के मऊ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बाप और बेटे समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई। यह परिवार रांची में बेटी की शादी कराकर स्कॉर्पियो से गोरखपुर लौट रहा था। हादसा दोहरीघाट थाना क्षेत्र में सुबह करीब 3 बजे हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक बेकाबू हो गई। गाड़ी डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रहे ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर स्कॉर्पियो को कई मीटर तक घसीटता ले गया।
झपकी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी चला रहे ड्राइवर को झपकी आ गई थी। हादसे के वक्त स्कॉर्पियो की रफ्तार 90 से 100 किमी/घंटा के बीच बताई जा रही है।
इनकी हुई मौत
हादसे में गोरखपुर के रानीडीहा थाना क्षेत्र निवासी:
• विनय श्रीवास्तव (53)
• उनकी पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48)
• बेटा कृतार्थ (27)
साथ ही दोनों ड्राइवर:
• नीतीश कुमार (20), गया (बिहार)
• पुरुषोत्तम कुमार (28), गया (बिहार)
की भी जान चली गई। परिवार का पालतू कुत्ता भी इस हादसे में मारा गया।
शादी के बाद लौट रहा था परिवार
विनय श्रीवास्तव गोरखपुर के खोराबार गांव के रहने वाले और पेशे से प्राइवेट शिक्षक थे। उनकी बेटी विमन्सा की शादी 20 अप्रैल को रांची में हुई थी। शादी के बाद 24 अप्रैल को परिवार किराए की स्कॉर्पियो से गोरखपुर के लिए रवाना हुआ था। लंबी दूरी (करीब 558 किमी) को देखते हुए दो ड्राइवर साथ लिए गए थे।
हादसे के समय:
• गाड़ी पुरुषोत्तम चला रहा था
• बगल में विनय श्रीवास्तव बैठे थे
• बीच की सीट पर पत्नी, बेटा और पालतू कुत्ता थे
• पीछे की सीट पर दूसरा ड्राइवर नीतीश आराम कर रहा था
परिवार करीब 400 किमी का सफर तय कर कुसुम्हा बशारतपुर के पास पहुंच चुका था।
रेस्क्यू ऑपरेशन: गैस कटर से काटनी पड़ी गाड़ी
टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह पिचक गई और सभी लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन किसी को जिंदा नहीं निकाला जा सका।
शवों को निकालने के लिए गैस कटर मंगवाना पड़ा। ट्रैक्टर की मदद से स्कॉर्पियो को ट्रेलर से अलग किया गया, तब जाकर शवों को बाहर निकाला जा सका। शव इतनी बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके थे कि पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था।
ट्रेलर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी संजय कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।

