
गोरखपुर में जलभराव पर सख्ती: नगर निगम अलर्ट मोड में, नगर आयुक्त बोले— लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं
गोरखपुर में बारिश के बाद जलभराव को लेकर नगर निगम अलर्ट हो गया है। नगर आयुक्त ने पानी निकालने, नालों की सफाई और पंपिंग सेट समय पर चलाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि मानसून में जलजमाव की समस्या न हो।
आयाम स्वरूप, गोरखपुर
शहर में हालिया बारिश के बाद जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम अब पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। गुरुवार को नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में जलभराव और नाला सफाई व्यवस्था को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मौजूद रहे ये अधिकारी
बैठक में अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, जीएम जलकल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, सभी जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी अधिकारी, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, निर्माण और जलकल विभाग के सहायक व अवर अभियंता समेत अन्य कर्मचारी शामिल हुए।

29 अप्रैल की बारिश के बाद स्थिति की समीक्षा
बैठक में 29 अप्रैल की शाम हुई बारिश के बाद शहर के विभिन्न मोहल्लों में हुए जलभराव की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों से रिपोर्ट ली और साफ निर्देश दिए कि जहां-जहां पानी जमा हुआ है, वहां तुरंत कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जाए।
पंपिंग सेट और नालों की सफाई पर जोर
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि:
- पंपिंग सेट समय से चालू किए जाएं, ताकि पानी की निकासी तेजी से हो सके
- जरूरत पड़ने पर नालों की तल्लीझाड़ सफाई कराई जाए, जिससे जल निकासी में बाधा न आए
इसके अलावा पंपिंग स्टेशनों पर लगे प्रीपेड मीटरों में कम से कम पांच महीने का एडवांस रिचार्ज कराने और बिजली बिल समय पर जमा करने के भी निर्देश दिए गए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न करने की चेतावनी दी गई।
मानसून के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था
नगर आयुक्त ने कहा कि मानसून के चार महीनों के दौरान सभी जोन के अवर अभियंता और सफाई निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई सुपरवाइजर के साथ लगातार निगरानी रखें।
यूएफएमसी (UFMC) के माध्यम से जलभराव से जुड़ी समस्याओं की नियमित समीक्षा की जाए और समय रहते उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में विशेष इंतजाम
जहां-जहां नाला निर्माण का कार्य चल रहा है, वहां अस्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण के कारण कहीं पानी जमा न हो।
बारिश के दौरान फील्ड में रहें अधिकारी
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि बारिश के समय सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें, लगातार निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि:
- पंपिंग सेट समय पर चल रहे हों
- सफाई कर्मचारी अपने कार्य में लगे हों
साफ संदेश— जलभराव पर कोई समझौता नहीं
बैठक में स्पष्ट कर दिया गया कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को किसी भी हालत में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। इसके समाधान के लिए सभी विभागों को मिलकर जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

