
AAP नेता सत्येंद्र जैन को मिली जमानत
सत्येंद्र जैन को 18 अगस्त को दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने गिरफ्तार किया था। उनको दिल्ली जल बोर्ड के STP टेंडर में कथित गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के मामले में अरेस्ट किया गया था।
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट टेंडर घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में गुरुवार को दिल्ली की अदालत ने जमानत दे दी। उन्हें 18 अगस्त को एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने गिरफ्तार किया था और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर इस फैसले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जैन को गिरफ्तार क्यों किया गया, क्योंकि सामान्य मामलों में गिरफ्तारी पूछताछ के लिए होती है और पुलिस कस्टडी ली जाती है। जैन को पुलिस कस्टडी में नहीं भेजा गया, उनसे कोई पूछताछ नहीं हुई और सीधे न्यायिक हिरासत में डाल दिया गया। केजरीवाल ने कहा कि केस इतना कमजोर था कि मात्र दस दिन में बेल मिल गई।
यह मामला मई 2024 में सतर्कता निदेशालय की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था।
इसमें दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को अपग्रेड करने के ठेकों में टेंडर की शर्तों में कथित हेरफेर, आपराधिक साज़िश और रिश्वत के संदिग्ध भुगतान के आरोप है।

