गोरखपुर में स्मार्ट मीटर के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, चीफ इंजीनियर को सौंपा ज्ञापन।

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी ने स्मार्ट मीटर के विरोध में बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रीपेड मीटर से बिजली बिल बढ़ रहे हैं और लोग परेशान हैं। उन्होंने इन मीटरों पर रोक लगाने, पुराने पोस्टपेड मीटर वापस लगाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि एक हफ्ते में कार्रवाई न होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

असरारुल हक, आयाम स्वरूप, गोरखपुर।

समाजवादी पार्टी महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने आज आम जनता की समस्याओं को लेकर बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि यह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों की आवाज़ है जो प्रीपेड ‘स्मार्ट मीटर’ की वजह से परेशान हैं।

ज्ञापन में मांग की गई कि गोरखपुर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटरों की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए। सपा नेताओं का आरोप है कि जिन घरों में ये मीटर लगाए गए हैं, वहां बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख मांगों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, पहले से लगे मीटरों को हटाकर पुराने पोस्टपेड मीटर पुनः लगाने और उपभोक्ताओं को राहत व पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही।

समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी आंदोलन को तेज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज़ को नजरअंदाज किए जाने पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button