
रोहिन नदी में नहाने गए दो मासूम डूबे, एक की मौत; दूसरे की तलाश में NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
तिवारीपुर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, गांव में पसरा मातम
आयाम स्वरूप, गोरखपुर
गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को रोहिन नदी में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों के डूबने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 12 वर्षीय सर्वेश यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 9 वर्षीय पिहू का देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका। उसकी तलाश में एनडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे हुए हैं।


मामा के घर आया था सर्वेश
जानकारी के अनुसार, चिलुआताल थाना क्षेत्र के मानीराम निवासी 12 वर्षीय सर्वेश यादव अपने ननिहाल तकिया कवलदह पथरकट टोला आया हुआ था। वह अपने मामा विक्की यादव के घर ठहरा हुआ था।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे सर्वेश अपनी ममेरी बहन पिहू (9) के साथ घर से निकला। खेलते-खेलते दोनों रोहिन नदी के किनारे पहुंच गए। रास्ते में उन्हें कुछ अन्य बच्चे भी मिल गए, जो भैंस चरा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी बच्चे नदी में नहाने उतर गए।
कुछ तस्वीरें घटना स्थल की:
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
नहाने के दौरान अचानक सर्वेश और पिहू नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और डूबने लगे। यह देख अन्य बच्चे घबरा गए और शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे।
बच्चों की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नदी किनारे चार बच्चों की चप्पलें पड़ी मिलीं, जिससे घटना की गंभीरता का पता चला।
दो अन्य बच्चे सुरक्षित घर पहुंचे
बाद में मिली जानकारी और सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट हुआ कि मौके पर मौजूद संतोष यादव (12) और संगीता यादव (13), जो आपस में भाई-बहन हैं, सुरक्षित अपने घर पहुंच गए थे।
दोनों बच्चों ने ही घर पहुंचकर सर्वेश और पिहू के नदी में डूबने की सूचना दी, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
NDRF ने निकाला सर्वेश को, इलाज के दौरान मौत
सूचना मिलते ही प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
काफी प्रयास के बाद सर्वेश यादव को नदी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
वहीं, पिहू की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
गांव को झकझोर गया हादसा
बताया जा रहा है कि सर्वेश दो भाइयों में बड़ा था और कक्षा चार का छात्र था। वहीं पिहू दो बहनों में छोटी थी और कक्षा दो में पढ़ती थी।
मामा के घर छुट्टियां बिताने आया सर्वेश इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया, जबकि उसके साथ गई पिहू अब भी लापता है। इस घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड संख्या 41 माधोपुर के पार्षद जयंत निषाद मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना देकर राहत कार्य तेज कराया।
इसके अलावा महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कोस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, एडीएम वित्त जय प्रकाश, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर एवं तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, नायब तहसीलदार देवेंद्र यादव तथा तिवारीपुर थानाध्यक्ष विकास सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। साथ ही एनडीआरएफ टीम को तेजी से सर्च ऑपरेशन जारी रखने के निर्देश दिए।
नदी में नहाने के खतरों को फिर उजागर कर गया हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार रोहिन नदी में कई स्थानों पर अचानक गहराई है, जहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद बच्चे अक्सर नदी में नहाने पहुंच जाते हैं, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।
फिलहाल सर्वेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि पिहू की तलाश में एनडीआरएफ का अभियान लगातार जारी है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है।






