
गोरखपुर में छेड़खानी की शिकायत पर गई पुलिस टीम पर पथराव, दरोगा का सिर फटा – 6 आरोपी हिरासत में
गोरखपुर के चौरीचौरा में छेड़छाड़ शिकायत की जांच पर गई पुलिस टीम पर युवकों ने पथराव कर दिया. दरोगा शिवकुमार का सिर फट गया, एसआई प्रमोद यादव घायल हुए और वर्दी फट गई. सीओ अनुराग सिंह फोर्स संग पहुंचे, 6 आरोपी पकड़े गए.
आयाम स्वरूप, गोरखपुर। गोरखपुर के चौरीचौरा इलाके में छेड़खानी की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर रविवार दोपहर हमला हो गया। सरैया ब्लॉक रोड पर कुछ युवकों ने पुलिस की गाड़ी पर पत्थर बरसाए, जिससे हड़कंप मच गया। पथराव में दरोगा शिवकुमार का सिर फट गया, जबकि एसआई प्रमोद यादव की गर्दन पर चोट आई और उनकी वर्दी भी फट गई।
सूचना मिलते ही सीओ चौरीचौरा अनुराग सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को हिरासत में लिया।
छेड़छाड़ से शुरू हुआ विवाद:
पीड़ित युवती ने बताया कि मोहल्ले के कुछ युवक लंबे समय से छेड़खानी कर रहे थे। शनिवार को उसकी मां घर पर नहीं थीं, तब युवकों ने उसके घर के सामने पटाखे छोड़कर डराने की कोशिश की। रविवार सुबह जब मां लौटीं, तो बेटी ने पूरी बात बताई और दोनों ने चौरीचौरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने पर एसआई शिवकुमार और प्रमोद यादव जांच के लिए पहुंचे और एक युवक को पकड़कर थाने भेजा। इसके बाद आरोपी युवक के परिजन पीड़िता के घर पहुंचे और पत्थरबाजी शुरू कर दी।
पुलिस पर भी हमला:
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस दोबारा पहुंची, लेकिन मनबढ़ युवकों ने टीम पर ही पथराव कर दिया। हमले में पास से गुजर रहीं ब्लॉक कर्मी उर्मिला यादव की स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
सीओ अनुराग सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

