गोरखपुर में SP बनकर ठगी की कोशिश: फर्जी Facebook ID से व्यापारी से मांगे ₹85 हजार, सतर्कता से बची साइबर ठगी

गोरखपुर में साइबर जालसाजों ने संभल के एसपी केके बिश्नोई बनकर एक व्यापारी को ठगने की कोशिश की। फर्जी फेसबुक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर जालसाजों ने खुद को एसपी बताया और सेना के एक अधिकारी के ट्रांसफर का बहाना बनाकर 85 हजार रुपये ऑनलाइन मांगे। रकम मांगते ही व्यापारी को शक हुआ और उन्होंने सीधे एसपी से संपर्क किया। जांच में फेसबुक आईडी फर्जी निकली और साइबर ठगी का खुलासा हो गया।

गोरखपुर: गोरखपुर में साइबर जालसाजों ने इस बार संभल के पुलिस अधीक्षक (SP) केके बिश्नोई का नाम और फर्जी फेसबुक आईडी का इस्तेमाल कर एक व्यापारी को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की। हालांकि, व्यापारी की सतर्कता के चलते साइबर ठग अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को चैंबर ऑफ टेक्सटाइल्स के अध्यक्ष राजेश नेभानी के फेसबुक अकाउंट पर संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद मैसेंजर पर बातचीत शुरू हुई। सामने वाले ने खुद को एसपी बताते हुए कहा कि गोरखपुर में तैनात सेना के एक अधिकारी उनके मित्र हैं, जिनका ट्रांसफर हो गया है और वे अपना फर्नीचर व घरेलू सामान कम कीमत पर बेचना चाहते हैं। इसके बाद व्यापारी का मोबाइल नंबर उनसे साझा करने की बात कही गई।

कुछ देर बाद व्यापारी के पास दूसरे नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम संतोष कुमार बताते हुए खुद को सेना का अधिकारी बताया और फर्नीचर खरीदने के लिए 85 हजार रुपये ऑनलाइन जमा करने को कहा। भरोसा दिलाने के लिए उसने सोफा और बेड की तस्वीरें भी भेजीं तथा भुगतान के बाद सामान उपलब्ध कराने की बात कही।

रकम ऑनलाइन भेजने की मांग होते ही व्यापारी को संदेह हुआ। उन्होंने बिना भुगतान किए सीधे संभल के एसपी केके बिश्नोई से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली।

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि उनके नाम से बनाई गई फेसबुक आईडी पूरी तरह फर्जी है और साइबर अपराधी उसी के जरिए लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बाद व्यापारी ने समय रहते खुद को साइबर ठगी का शिकार होने से बचा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button