
गोरखपुर की स्मार्ट रोड परियोजनाओं को मिली रफ्तार, 113 करोड़ रुपये से जल्द शुरू होंगे निर्माण कार्य
सीएम ग्रिड योजना के तहत कचहरी, शास्त्री चौक, टाउनहाल, यूनिवर्सिटी और स्पोर्ट्स कॉलेज रोड होंगे स्मार्ट
गोरखपुर। मुख्यमंत्री ग्रिड (सीएम ग्रिड) योजना के अंतर्गत गोरखपुर महानगर की प्रमुख सड़कों को स्मार्ट बनाने की दिशा में तेजी आ गई है। नगर निगम ने फेज-2 और फेज-3 की पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए कार्यदायी संस्थाओं का चयन कर निर्माण कार्य आवंटित कर दिया है। इन परियोजनाओं पर कुल 113 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी।
इन योजनाओं के तहत कचहरी, शास्त्री चौक, टाउनहाल, यूनिवर्सिटी, स्पोर्ट्स कॉलेज रोड सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के साथ विकास किया जाएगा।
फेज-3 में बनेंगी तीन प्रमुख स्मार्ट सड़कें
फेज-3 के अंतर्गत कचहरी चौराहे से शास्त्री चौक होते हुए बेतियाहाता चौक तक स्मार्ट सड़क का निर्माण कराया जाएगा। लगभग 20.21 करोड़ रुपये की इस परियोजना का कार्य मेसर्स कीर्ति इंटरप्राइजेज को आगणित लागत से 5.02 प्रतिशत कम दर पर आवंटित किया गया है। इस कार्य को नगर आयुक्त अजय जैन की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
इसी चरण में गणेश चौराहे से यूनिवर्सिटी चौराहा, अलंकार ज्वैलर्स से एचपी स्कूल और डीएम आवास होते हुए हरिओम नगर तिराहे तक स्मार्ट सड़क का निर्माण कराया जाएगा। लगभग 39.43 करोड़ रुपये की इस परियोजना का कार्य मेसर्स बेबी शाही योगी कंस्ट्रक्शन कंपनी (जेवी) को आगणित लागत से 2.67 प्रतिशत कम दर पर दिया गया है।
फेज-3 की एक अन्य परियोजना के तहत स्पोर्ट्स कॉलेज रोड स्थित सेंट्रल बैंक से कैलाश शुक्ल के मकान के बगल स्थित पुलिया तक स्मार्ट सड़क बनाई जाएगी। इस कार्य के लिए भी मेसर्स कीर्ति इंटरप्राइजेज का चयन किया गया है। लगभग 19.78 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना पूरी की जाएगी, जो आगणित लागत से 5.02 प्रतिशत कम है।
फेज-2 में भी दो परियोजनाओं को मिली मंजूरी
फेज-2 के अंतर्गत शास्त्री चौक से छात्रसंघ चौराहा, अंबेडकर चौक से हरिओम नगर तिराहा तथा हरिओम नगर तिराहे से कचहरी चौराहा होते हुए टाउनहाल तक स्मार्ट सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना का कार्य मेसर्स अंबे इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है। इसे आगणित लागत से 0.110 प्रतिशत कम दर पर 25.07 करोड़ रुपये में स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी प्रकार कचहरी चौराहे से काली मंदिर तक स्मार्ट सड़क निर्माण का कार्य भी मेसर्स अंबे इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। इस परियोजना पर लगभग 9.07 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जो आगणित लागत से 0.10 प्रतिशत कम है।
शहर के विकास को मिलेगी नई दिशा
नगर निगम के मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से शहर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के साथ विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सड़कों के निर्माण से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहर के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।
सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत शुरू होने वाली ये परियोजनाएं गोरखपुर को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

