
चीन को मिला 1000 टन से भी ज्यादा सोने का भंडार
चीन ने सोने के विशाल भंडार की खोज की है, जो 1000 टन से भी ज्यादा हो सकता है। यह एक साल भर से भी कम समय में चीन के अंदर खोजा गया तीसरा बड़ा स्वर्ण भंडार है।
चीन के वैज्ञानिकों ने सोने के एक विशाल भंडार की खोज की है। सर्वेक्षण में शामिल भूवैज्ञानिकों के अनुसार, यह विशाल स्वर्ण भंडार शिनजियांग उइगर स्वायत्तर क्षेत्र की पश्चिमी सीमा के पास पहाड़ियों में मिला है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, यह विशाल सोने का भंडार 1000 टन से अधिक हो सकता है। खोज में शामिल भूवैज्ञानिक दल के वरिष्ठ इंजीनियर हे फुबाओ और उनके सहयोगियों ने 4 नवम्बर को साइंस मैगजीन एक्टा जियोसाइंटिका सिनिका में प्रकाशित एक शोधपत्र में लिखा, शिनजियांग के पश्चिमी कुनकुल में एक हजार टन के पैमाने वाले सोने के क्षेत्र की रूपरेखा अब आकार ले रही है।
यह एक साल भर से भी कम समय में चीन के अंदर खोजा गया तीसरा बड़ा स्वर्ण भंडार है, जिसकी क्षमता 1000 टन से ज्यादा है। इसके पहले देश के पूर्वोत्तर में स्थित लियाओनिंग प्रांत और मध्य चीन में स्थित हुनान प्रांत में बड़े स्वर्ण भंडार खोजे गए थे। इसके पहले दुनिया के बड़े ज्ञात स्वर्ण भंडारों में आमतौर पर केवल कुछ सौ टन ही होते थे।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक उद्योग जगत का अनुमान ता कि चीन में लगभग 3000 टन सोना ही बिना खनन के बचा है, जो रूस और ऑस्ट्रेलिया में बचे हए सोने का केवल एक-चौथाई है। इन खोजों का तेजी से होना यह दिखाता है कि चीन का सोने का भंडार पहले के अनुमान से कहीं अधिक बड़ा हो सकता है।
चीन में सोने के बड़े भंडारों की खोज के पीछे एडवांस तकनीक सबसे महत्वपूर्ण कारक है। चीनी भूवैज्ञानिकों ने अत्याधुनिक उपकरणों का समूह विकसित किया है, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) दुनिया की सबसे शक्तिशाली भू-वेदी रेडार प्रणालियां और अत्यधिक संवेदनशील खनिज खोज उपग्रह शामिल हैं। ये नई तकनीकें सिर्फ चीन तक ही सीमित नहीं हैं। इनकी मदद से पश्चिम और मध्य अफ्रीका के क्षेत्रों में नए स्वर्ण भंडारों की पहचान करने में मदद मिली है।

