शेख हसीना मामले पर ICT आज करेगी फैसला

शेख हसीना पर ICT के फैसले से पहले ढाका में बम ब्लास्ट, हिंसक प्रदर्शनकारियों को देखते ही गोली मारने का आदेश। शेख़ हसीना पर आरोप है कि मानवता के ख़िलाफ़ हुए इन अपराधों में उनका हाथ है।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना पर ‘मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों’ के मामले में अदालत सोमवार को अपना फ़ैसला सुनाएगी। अभियोजन पक्ष ने शेख़ हसीना और असदुज्जमां ख़ान कमाल के ख़िलाफ़ अधिकतम सज़ा यानी सज़ा-ए-मौत की मांग की है।
इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने सेना मुख्यालय को पत्र लिखकर फ़ैसले से पहले ट्राइब्यूनल में सुरक्षा कड़ी करने के लिए सेना की तैनाती का अनुरोध किया है। शेख़ हसीना और तीन अन्य अभियुक्तों के मामले में फ़ैसला सुनाते वक़्त इसका लाइव प्रसारण होगा। बांग्लादेश टेलीविज़न (बीटीवी) इसका लाइव प्रसारण करेगी।
पिछले साल सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान बांग्लादेश में कई हिंसक घटनाएं हुईं। उस वक्त की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना पर आरोप लगे कि मानवता के ख़िलाफ़ हुए इन अपराधों में उनका हाथ है। इस आंदोलन की वजह से शेख़ हसीना को सत्ता गंवानी पड़ी थी और उन्हें देश छोड़कर भागना पड़ा था. तब से वह भारत में रह रही हैं।
दरअसल पूर्व पीएम शेख हसीना पर पिछले साल हुई हिंसा के दौरान मानवता के खिलाफ कदम उठाने का आरोप है। उनपर आरोप लगाए गए हैं कि बतौर पीएम हिंसा पर काबू पाने के लिए उन्होंने प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ एक्शन लेने का आदेश दिया था। हालांकि, शेख हसीना ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। इस मामले पर ICT में बहस चल रही थी।
शेख हसीना पर फैसले को लेकर देश की राजधानी ढाका में एक बार फिर अफरा-तफरी मच गई है। कई जगहों पर बम विस्फोट के बाद लोग दहशत में हैं। ढाका में हिंसक प्रदर्शन लगातार तूल पकड़ रहा है। अब आलम यह है कि पुलिस ने हिंसक प्रदर्शनकारियों को देखते ही गोली मारने का आदेश जारी कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button