
त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी के AC कोच में लगी भीषण आग, 68 लोग बचाए गए
त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में भीषण आग लग गई. घटना मध्य प्रदेश के रतलाम से करीब 110 किलोमीटर दूर हुई है. इस आगजनी से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में भीषण आग लग गई. घटना मध्य प्रदेश के रतलाम से करीब 110 किलोमीटर दूर हुई है. इस आगजनी से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-निजामुद्दीन की ओर जा रही त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे लूणी-विक्रमगढ़ के बीच ट्रेन के बी-1 कोच में आग लग गई, जिसके चलते दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित हो गया है.
हादसे की खबर लगने के बाद कोटा रेल मंडल से राहत व बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई. ट्रेन में आग आगे कोच नंबर B1 में लगी थी. कोच में 68 यात्री थे… कुछ सेकेंड में ही आग पूरे कोच में फैल गई. आग लगने की सूचना गार्ड ने सबसे पहले लोको पायलट को दी थी. इसके बाद ट्रेन को रुकवाया गया और पैसेंजर्स को बाहर निकाला गया. इसके बाद ट्रेन में मौजूद आरपीएफ स्टाफ व दूसरे लोगों ने तुरंत कोच से पैसेंजर्स की डि-बोर्डिंग शुरू की. करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली कराया गया. ट्रेन में मौजूद आरपीएफ स्टाफ व दूसरे लोगों ने तुरंत कोच से पैसेंजर्स की डि-बोर्डिंग शुरू की.
कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही कोटा से दुर्घटना राहत ट्रेन और एआरएमई को रवाना किया गया. डीआरएम अनिल कालरा समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

