
10% महंगा हुआ ATF, अब बढ़ेंगे फ्लाइट टिकट
सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू एयरलाइंस के लिए एटीएफ की कीमत बढ़ाकर ₹115 प्रति लीटर कर दी है । ईंधन की लागत एयरलाइन के कुल खर्च का लगभग 40% तक होती है ।
देश में हवाई यात्रा करने वालों और एयरलाइन कंपनियों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। सरकारी तेल कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) यानी विमान ईंधन की कीमतों में करीब 10% की बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही सरकार ने एयरलाइंस को राहत देने के लिए एक नई ATF प्राइस स्टेबलाइजेशन योजना भी शुरू की है, जिसके तहत एयरलाइंस चाहें तो अगले तीन साल तक के लिए ईंधन की कीमत तय कर सकती हैं। इस कदम का मकसद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आने वाले उतार-चढ़ाव से एयरलाइंस को बचाना है।
नई दरों के अनुसार, दिल्ली में ATF की कीमत बढ़कर लगभग ₹115 प्रति लीटर हो गई है, जबकि पहले यह करीब ₹104.93 प्रति लीटर थी, यानी एयरलाइंस को अब हर लीटर ईंधन पर ज्यादा खर्च करना होगा। विमानन उद्योग में ATF सबसे बड़ा खर्च माना जाता है और यह किसी भी एयरलाइन की कुल ऑपरेशन कॉस्ट का लगभग 35% से 40% हिस्सा होता है। ऐसे में ईंधन की कीमत बढ़ने का सीधा असर एयरलाइंस की लागत और भविष्य में हवाई किराये पर भी दिखाई पड़ सकता है।
आपको बता दें कि सरकार ने हाल ही में ₹10,000 करोड़ के ATF प्राइस स्टेबलाइजेशन फंड को मंजूरी दी थी। इसके तहत एयरलाइंस को एक निश्चित कीमत पर ईंधन खरीदने का विकल्प मिलेगा। अगर कोई एयरलाइन इस योजना में शामिल होती है, तो उसे बाजार में अचानक बढ़ती कीमतों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। इससे कंपनियां अपने खर्च का बेहतर अनुमान लगा सकेंगी और यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ डालने से भी बच सकती हैं।

