
इंस्टा पर प्यार और प्रेमी संग पति का कत्ल
बागपत में अनैतिक संबंध का विरोध करने पर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति सचिन डागर की हत्या कर दी।
उत्तर प्रदेश में एक और ‘मुस्कान’ सामने आई है। बागपत जिले के नौरोजपुर गुर्जर गांव में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। महिला ने नशीली खीर खिलाकर पति को बेहोश किया और फिर प्रेमी को बुलाकर गला दबा दिया। सामान्य मौत दिखाने के लिए कीटनाशक छिड़काव से तबीयत बिगड़ने की बात कही। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेमी की तलाश जारी है।
शुक्रवार रात सचिन (33) की पत्नी रचना ने अपने प्रेमी सोनू निवासी रंछाड़ के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। कीटनाशक के छिड़काव से सामान्य मौत दिखाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना के बाद प्रेमी भाग गया।
परिजन सचिन को उठाकर बड़ौत के निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद एक अन्य अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

