
वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति ने अमेरिका पर ‘जंग को बढ़ावा’ देने का आरोप लगाया
अमेरिका के आठ युद्धपोत पहले से ही करीब 6,000 नाविक और मरीन इस क्षेत्र में तैनात हैं और अब यूएसएस गेराल्ड फोर्ड और उसके स्ट्राइक ग्रुप को भेजा जा रहा है. जिसमें पांच विध्वंसक युद्धपोत, 4,500 अतिरिक्त कर्मी भी शामिल होंगे। यह एयरक्राफ्ट कैरियर वर्तमान में भूमध्य सागर में है.
वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कहा- अमेरिका बना रहा है युद्ध का माहौल. उन्होंने यह बयान उस समय दिया जब अमेरिका ने दुनिया के सबसे बड़े युद्धपोत को कैरेबियाई इलाके़ की ओर भेजा है, जिससे क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ गया है.
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शुक्रवार को यूएसएस जेराल्ड आर फोर्ड विमानवाहक पोत को मेडिटेरेनियन सी से कैरेबियाई क्षेत्र में तैनात करने का आदेश दिया. यह पोत 90 विमानों को ले जा सकता है.
राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने सरकारी मीडिया से कहा, “वे एक नई जंग गढ़ रहे हैं. उन्होंने वादा किया था कि अब कभी किसी जंग में शामिल नहीं होंगे लेकिन वे एक युद्ध गढ़ रहे हैं.” अमेरिका हाल के दिनों में कैरेबियाई क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा है.
उसने इस इलाक़े में युद्धपोत, परमाणु पनडुब्बी और एफ़-35 लड़ाकू विमान तैनात किए हैं. अमेरिका का कहना है कि यह अभियान मादक पदार्थों की तस्करी पर निशाना साधने के लिए चलाया जा रहा है. लेकिन अभी तक ट्रंप प्रशासन ने ड्रग्स तस्करी को लेकर कोई सबूत नहीं दिया है. इन हमलों में दर्जनों लोग मारे जा चुके हैं, जिसकी आलोचना डेमोक्रेटिक पार्टी से लेकर रिपब्लिकन पार्टी ने भी की है. संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने भी इन हमलों को अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है और जान गंवाने वाले लोगों की मौत को ‘हत्या’ बताया है. मादुरो सरकार ने कहा है कि वह अमेरिका की तरफ से सरकार गिराने के किसी भी प्रयास का कड़ा जवाब देगी.

