
उन्नाव रेप केस: दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर महिलाओं का प्रदर्शन
2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले में दोषी कुलदीप सिंह सेंगर को सशर्त जमानत देने के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
पूर्व बीजेपी विधायक और उन्नाव रेप केस में दोषी ठहराए गए कुलदीप सेंगर के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ महिलाओं ने प्रदर्शन किया है।
शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट के बाहर महिलाओं ने हाथ में नारे लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और कोर्ट के फ़ैसले का विरोध किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने घोषणा की है विरोध प्रदर्शन तुरंत खत्म कर दिया जाए, नहीं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कहा है कि अगर आप विरोध करना चाहते हैं, तो जंतर-मंतर पर जाएं।
दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार 23 दिसंबर को पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा निलंबित करते हुए उन्हें ज़मानत दे दी थी।
एक नाबालिग़ लड़की के साथ बलात्कार के मामले में साल 2019 में कुलदीप सेंगर को उम्र क़ैद की सज़ा हुई थी। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में साल 2017 की यह घटना देश भर में सुर्खियों में रही थी।
मंगलवार के दिल्ली हाई कोर्ट के फ़ैसले के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। बलात्कार के ख़िलाफ़ आवाज उठाने वाली वह लड़की, उनकी माँ, सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विपक्ष के कई नेताओं ने इस फ़ैसले का विरोध किया है।
हाईकोर्ट से मिली सशर्त जमानत पर पीड़िता की मां ने कहा, “इनकी जमानत खारिज की जाए। हम सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। हमें हाईकोर्ट पर भरोसा नहीं रहा। हमें सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलेगा… मेरे पति के हत्यारों को फांसी की सजा होनी चाहिए।”

