
दुबई एयरशो में भारत का फाइटर प्लेन तेजस दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत
दुबई एयरशो में भारतीय वायुसेना का स्वदेशी फाइटर प्लेन तेजस दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट की मौत हो गई। विमान दुबई एयर शो के दौरान करतब दिखाते समय हादसे का शिकार हो गया।
दुबई एयरशो में भारत का फाइटर प्लेन तेजस शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुखद बात यह है कि पायलट विमान से निकलने में असफल रहा। इस हादसे में पायलट की मौत हो गई है। ये दूसरी बार है जब इंडियन एयरफोर्स का फाइटर जेट तेजस क्रैश हुआ है। इससे पहले पिछले साल मार्च में राजस्थान के जैसलमेर के पास तेजस क्रैश हुआ था। तब यह ऑपरेशनल ट्रेनिंग की उड़ान पर था।
रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि अभी तक तेजस की परफॉर्मेंस शानदार रही है। न केवल एयरशो बल्कि विभिन्न मौकों पर तेजस ने अपनी क्षमता को साबित किया है। यह भारतीय वायु सेना में अपना स्थान बना चुका है। तेजस के आधुनिक वेरिएंट भारतीय वायु सेना में मिग लड़ाकू विमानों की जगह ले रहे हैं। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि अब एक गहन जांच के बाद ही पता लग सकेगा कि आखिर किन कारणों से दुबई में भारत का यह भरोसेमंद लड़ाकू विमान हादसे का शिकार हुआ है।
दुबई एयरशो में IAF के स्वदेशी फाइटर जेट तेजस का क्रैश होना भारत के लिए एक बड़ा झटका है। बताया जा रहा है कि अब एयरक्राफ्ट के ब्लैक बॉक्स मिलने का इंतजार किया जा रहा है, जिससे स्पष्ट हो सके कि यह हादसा आखिर हुआ कैसे।

