
16 देशों के खिलाफ अमेरिका ने शुरू की व्यापार जांच, लगा सकते है नया टैरिफ़
ट्रंप प्रशासन ने भारत, चीन और बांग्लादेश समेत 16 देशों के खिलाफ सेक्शन 301 के तहत व्यापार जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद अमेरिका नए टैरिफ लगा सकता है।
अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत, चीन और बांग्लादेश समेत 16 बड़े व्यापारिक साझेदार देशों के खिलाफ नई व्यापार जांच शुरू कर दी है। यह जांच अमेरिकी व्यापार कानून धारा 301 (Trade Act 1974) के तहत की जा रही है, जिसके आधार पर अमेरिका जरूरत पड़ने पर इन देशों के उत्पादों पर टैरिफ यानी आयात शुल्क बढ़ा सकता है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब पिछले महीने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए टैरिफ को अवैध बताते हुए रद्द कर दिया था।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा है कि अगर जांच में गड़बड़ी पाई जाती है तो कई देशों पर नए टैरिफ लगाए जा सकते हैं। जिन देशों पर इसका असर पड़ सकता है उनमें चीन, यूरोपीय संघ, भारत, जापान, दक्षिण कोरिया और मेक्सिको शामिल हैं। अमेरिका का कहना है कि कुछ देशों के पास उत्पादन क्षमता काफी अधिक है और वे लगातार बड़े व्यापार सरप्लस के साथ अमेरिकी बाजार में सामान बेचते हैं, जिससे घरेलू उद्योग को नुकसान हो सकता है।
सेक्शन 301, अमेरिका के व्यापार कानून Trade Act of 1974 का एक अहम हिस्सा है। इसका इस्तेमाल तब किया जाता है जब अमेरिका को लगता है कि कोई देश व्यापार में अनुचित या गलत तरीके अपना रहा है। इस कानून के तहत अमेरिकी सरकार जांच शुरू कर सकती है और जरूरत पड़ने पर टैरिफ या अन्य व्यापारिक प्रतिबंध लगा सकती है।

