जैसलमेर पांच दिन पहले खरीदी बस बनी धधकता ताबूत, 20 लोगों की मौत

राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई। एक नई प्राइवेट बस में आग लगने से यह हादसा हुआ, जिसमें 57 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया है।

राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर मंगलवार दोपहर एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ, जब एक नई प्राइवेट बस में आग लगने से 20 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, बस में 57 यात्री सवार थे। ये बस जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी। हादसे की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
बस महज पांच दिन पहले खरीदी गई थी और दोपहर 3 बजे जैसलमेर से रवाना हुई थी। हाईवे पर अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोग और राहगीर बचाव के लिए दौड़े, लेकिन आग की तीव्रता के आगे वे बेबस रहे।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘राजस्थान के जैसलमेर में हुई दुर्घटना में जनहानि से दुखी हूं. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.’ इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की मुआवजा राशि देने की भी घोषणा की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button