अत्याधुनिक बेस किचन का 25 जून को उद्घाटन करेंगे सीएम योगी, रोजाना एक लाख बच्चों को मिलेगा भोजन

बरगदवा स्थित अक्षयपात्रा किचन का करेंगे लोकार्पण, तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री

आयाम स्वरूप, गोरखपुर 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जून को तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आएंगे। अपने प्रवास के दौरान वह बरगदवा स्थित नकहा जंगल स्टेशन के पास निर्मित अक्षयपात्रा के अत्याधुनिक बेस किचन का उद्घाटन करेंगे। इस किचन से प्रतिदिन लगभग एक लाख स्कूली बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री 25 जून की शाम गोरखपुर पहुंचेंगे। गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद वह कुछ समय मंदिर परिसर में रहेंगे। इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे बरगदवा स्थित नकहा जंगल स्टेशन के निकट निर्माणाधीन अक्षयपात्रा बेस किचन का उद्घाटन करेंगे तथा वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगे।

रोजाना एक लाख बच्चों के लिए तैयार होगा भोजन

अक्षयपात्रा के इस अत्याधुनिक बेस किचन से प्रतिदिन लगभग एक लाख बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार किया जाएगा। यहां स्थापित आधुनिक मशीनों की मदद से तीन से चार घंटे के भीतर भोजन तैयार किया जा सकेगा।

अक्षयपात्रा के जोनल हेड विक्रांत मोहन के अनुसार, किचन में लगी मशीनें प्रति घंटे 50 हजार रोटियां बनाने में सक्षम हैं। वहीं स्टीम तकनीक के माध्यम से मात्र 15 मिनट में 1200 लीटर चावल पकाया जा सकेगा।

तीन एकड़ में विकसित हुआ बेस किचन

करीब तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित इस बेस किचन परिसर में पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। स्कूलों तक भोजन पहुंचाने के लिए लगभग 100 वाहनों की तैनाती की जाएगी। किचन में करीब 200 कर्मचारी कार्यरत रहेंगे।

उन्होंने बताया कि स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति के आधार पर प्रतिदिन ताजा और गर्म भोजन तैयार कर वाहनों के माध्यम से निर्धारित स्कूलों तक पहुंचाया जाएगा।

26 जून को निजी अस्पताल का करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जून को गोरखपुर में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके बाद वह विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

भाजपा महानगर प्रशिक्षण वर्ग का करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री 27 जून को सुबह 10:30 बजे भाजपा महानगर कमेटी के दो दिवसीय प्रशिक्षण (अभ्यास) वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में सांसद रवि किशन, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी सहित कुल 173 सदस्य शामिल होंगे।

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कुल 16 सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन भाग लेने वाले पदाधिकारियों के लिए रात्रि प्रवास की भी व्यवस्था की गई है।

प्रशिक्षण के बाद अयोध्या दर्शन जाएंगे पदाधिकारी

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग के समापन के बाद 28 जून को सभी जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी अयोध्या दर्शन के लिए रवाना होंगे। इसके लिए पार्टी की ओर से एसी बसों की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री के इस तीन दिवसीय दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। गोरखपुर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button