DDU में पेड़ों की कटाई पर छात्रों और ABVP का प्रदर्शन: ‘चिपको आंदोलन’ की चेतावनी, कुलपति के खिलाफ लगे नारे

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पिछले कई महीनों से हो रही पेड़ों की कटाई को लेकर छात्रों और छात्र संगठनों का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर छात्रों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

 

आयाम स्वरूप, गोरखपुर

गोरखपुर विश्वविद्यालय में पेड़ों की कटाई को लेकर छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने मेन गेट पर नारेबाजी करते हुए कुलपति पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि पिछले 8 महीनों में 3000 से ज्यादा पेड़ काटे गए हैं। छात्रों ने कटाई से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की और चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर चिपको आंदोलन शुरू किया जाएगा। मौके पर पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन भी मौजूद रहा।


‘कुलपति तुम होश में आओ’ के लगे नारे

प्रदर्शन के दौरान छात्र ‘कुलपति तुम होश में आओ’ और ‘डीडीयू कुलपति मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगा रहे थे। मौके पर बड़ी संख्या में छात्र और विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्य मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी मौके पर तैनात रहा।


छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि पिछले आठ महीनों में विश्वविद्यालय परिसर में 3000 से अधिक पेड़ काटे जा चुके हैं।

छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि पेड़ों की कटाई के लिए कुलपति स्तर पर एक करोड़ रुपये से अधिक की डील की गई है। हालांकि इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग

छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को पेड़ों की कटाई से जुड़े सभी आंकड़े सार्वजनिक करने चाहिए। उनका आरोप है कि विश्वविद्यालय के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी संख्या में पेड़ काटे गए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने कटे पेड़ों का पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


‘चिपको आंदोलन’ की चेतावनी

छात्र संगठनों ने साफ कहा कि यदि पेड़ों की कटाई नहीं रोकी गई तो वे विश्वविद्यालय परिसर में ‘चिपको आंदोलन’ शुरू करेंगे और पेड़ों को बचाने के लिए लगातार धरना-प्रदर्शन करेंगे।


प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button