इंदौर में (EV) चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट से भयानक आग, 8 लोगो की मौत

इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग बनी मौत का कारण, पास रखे सिलिंडर भी फटे; एक चिंगारी ने ली आठ की जान

इंदौर में 18 मार्च 2026 को सुबह ईवी (EV) चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट के कारण हुए एक भयानक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। यह घटना बृजेश्वरी एनेक्सी इलाके में घर के बाहर इलेक्ट्रिक कार को चार्ज करते समय हुई। हादसे के बाद आग लगने और घर में रखे सिलेंडर फटने से यह हादसा और भयावह हो गया।
इंदौर में इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिसने तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रबर कारोबारी मनोज पुगलिया, उनकी गर्भवती बहू सिमरन सहित 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हैं।
मारे गए लोगों में से 6 मनोज के रिश्तेदार थे, जो मंगलवार को बिहार के किशनगंज से आए थे। घटना बुधवार तड़के 3.30 से 4 बजे के बीच बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी की है।
पुलिस के अनुसार, कार से घर तक फैल आग ने अंदर रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल गया। धमाका इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया। बिजली सप्लाई बंद होने से घर में लगे डिजिटल लॉक खुल नहीं पाए। अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
आसपास के रहवासियों ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सूचना देने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचीं।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि इलेक्ट्रिक वाहन के चार्जिंग पॉइंट में विस्फोट से आग लगी, जो कार से होते हुए घर तक फैल गई। घर में 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर और ज्वलनशील केमिकल भी रखे थे, जिससे आग और भयावह हो गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगे थे। आग के दौरान बिजली सप्लाई बंद होने से ये लॉक खुल नहीं पाए, जिससे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। बचाव दल को दरवाजे तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त घर में कई रिश्तेदार भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button