
गोरखपुर: पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पत्नी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल; मौत से पहले युवक ने लगाया था भावुक स्टेटस
बर्थडे के अगले दिन फंदे से लटका मिला था डीजे संचालक, पिता की तस्वीर के साथ लिखा था – ‘I Love You Papa’; पुलिस मोबाइल चैट और सोशल मीडिया पोस्ट की कर रही जांच
आयाम स्वरूप, गोरखपुर।
पिपराइच क्षेत्र में डीजे संचालक पंकज कुमार निषाद की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी प्रतिमा साहनी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गुरुवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद शाम करीब 5 बजे उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इसी वर्ष फरवरी में दोनों की शादी हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। परिजनों की तहरीर पर पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अब पुलिस मोबाइल चैट, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
शादी के बाद से चल रहा था विवाद
पिपराइच थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव निवासी ब्रह्मदेव निषाद के बड़े बेटे पंकज निषाद (30) डीजे का संचालन करते थे। उनकी शादी 6 फरवरी को पीपीगंज के जसवल ग्राम साखी निवासी महेंद्र साहनी की बेटी प्रतिमा साहनी से हुई थी।
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होने लगा था। पंकज को संदेह था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध है।
बर्थडे की रात हुआ विवाद, अगले दिन मिला शव
बताया गया कि 4 जुलाई को पंकज ने अपना जन्मदिन दोस्तों के साथ मनाया था। रात में घर लौटने पर उन्होंने पत्नी को मोबाइल पर किसी से चैट करते देखा, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ।
अगले दिन 5 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे पंकज का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी पर भड़के परिजन, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने पत्नी प्रतिमा पर हमला कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पिपराइच पुलिस मौके पर पहुंची।
जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी, तब परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कांस्टेबल सुनील यादव और कांस्टेबल इम्तियाज अहमद घायल हो गए। पुलिस ने किसी तरह प्रतिमा को भीड़ से बचाकर बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मौत से पहले लगाए कई भावुक स्टेटस
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई की सुबह 10 बजे से 10:50 बजे के बीच पंकज ने सोशल मीडिया पर कई भावुक स्टेटस साझा किए थे।
एक स्टेटस में उन्होंने लिखा था—
“कल से बहुत तकलीफ में हूं, अगर मैं कुछ गलत कदम उठा लूं, तो रोना मत। बल्कि ये सोचकर खुश होना कि जिंदगी से एक टेंशन खत्म हो गई।”
उन्होंने जन्मदिन के केक के साथ अपनी तस्वीर भी साझा की थी। इसके अलावा पिता की तस्वीर पोस्ट करते हुए “I Love You Papa” लिखा था।
सुबह 10:49 बजे उन्होंने अंतिम स्टेटस में लिखा—
“राम-राम सभी लोगों को…”
इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
भाई बोला- शादी के बाद से मानसिक तनाव में था पंकज
पंकज के परिवार में माता-पिता और दो छोटे भाई प्रमोद एवं पवन निषाद हैं।
भाई प्रमोद निषाद ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े होते थे, जिससे पंकज मानसिक तनाव में रहने लगा था।
वहीं पड़ोसी अनिल ने बताया कि जन्मदिन मनाने के बाद भी रात में पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। आत्महत्या की सूचना मिलते ही गांव के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए थे।
पिता ने निष्पक्ष जांच की मांग की
पिता ब्रह्मदेव निषाद ने कहा कि पंकज परिवार का सबसे बड़ा सहारा था। उनका आरोप है कि शादी के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
एसपी नॉर्थ ने क्या कहा?
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की जांच के बाद आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मोबाइल चैट, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।

