गोरखपुर में ICU में हुई शादी: दूल्हे ने अस्पताल में भर्ती दुल्हन की मांग भरी, डॉक्टर-नर्स बने गवाह

गोरखपुर के बांसगांव में एक अनोखी शादी देखने को मिली। शादी वाले दिन LLB की परीक्षा देकर लौट रही दुल्हन पूजा यादव बाइक से गिरकर घायल हो गई और ICU में भर्ती करनी पड़ी। डॉक्टरों ने अस्पताल से छुट्टी देने से मना कर दिया। इसके बाद तय मुहूर्त पर दूल्हा सन्नी यादव बारात लेकर गांव पहुंचा और रात में अस्पताल जाकर पूजा की मांग में सिंदूर भरा। पंडित ने मंत्र पढ़े और सात वचन दिलाए। इस भावुक पल के गवाह परिवार के साथ डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ भी बने।

गोरखपुर में एक अनोखी और भावुक कर देने वाली शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां दूल्हे ने ICU में भर्ती अपनी दुल्हन की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म पूरी की। इस दौरान पंडित ने मंत्रोच्चार किया और दोनों को सात वचन दिलाए। अस्पताल के बेड पर लेटी दुल्हन अस्पताल के कपड़ों में ही शादी की रस्मों का हिस्सा बनी।

इस भावुक पल को देखकर परिवार के लोग रो पड़े। वहीं अस्पताल के डॉक्टर, नर्स और स्टाफ भी इस अनोखी शादी के साक्षी बने।

शादी वाले दिन हादसे का शिकार हुई दुल्हन

मामला गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के हटवार गांव का है। यहां की रहने वाली पूजा यादव की शादी महादेवा बाजार निवासी सन्नी यादव से तय हुई थी। दोनों की शादी का मुहूर्त 13 मई 2026 को निकला था।

इसी दिन पूजा का एलएलबी अंतिम सेमेस्टर का पेपर भी था। बुधवार सुबह वह अपने भाई के साथ खलीलाबाद स्थित कॉलेज में परीक्षा देने गई थी, जबकि घर पर शादी की तैयारियां चल रही थीं।

पेपर देकर लौटते समय बाइक से गिरी

परीक्षा खत्म होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे पूजा अपने भाई के साथ बाइक से घर लौट रही थी। रास्ते में अचानक उसे चक्कर आ गया और वह चलती बाइक से सड़क पर गिर पड़ी।

गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और काफी खून बहने लगा। भाई ने तुरंत घरवालों को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया।

ICU में भर्ती हुई दुल्हन

पूजा को गोरखपुर के दाउदपुर स्थित आर्यन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट और बेहोशी की हालत को देखते हुए उसे ICU में शिफ्ट कर दिया।

जब परिवार ने डॉक्टरों को बताया कि उसी रात उसकी शादी है, तो डॉक्टरों ने कहा कि पूजा खतरे से बाहर है, लेकिन सिर में चोट होने के कारण फिलहाल अस्पताल से छुट्टी देना संभव नहीं है।

परिवारों ने लिया बड़ा फैसला

इसके बाद दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके परिवार से बातचीत की। दोनों परिवारों ने तय किया कि शादी तय मुहूर्त पर ही होगी। बाकी रस्में घर पर पूरी की जाएंगी, जबकि सिंदूरदान की रस्म अस्पताल में होगी। इसके लिए अस्पताल प्रशासन से अनुमति भी ली गई।

रात 1 बजे ICU में हुआ सिंदूरदान

शाम को दूल्हा सन्नी यादव बारात लेकर हटवार गांव पहुंचा, जहां द्वारपूजा और अन्य पारंपरिक रस्में निभाई गईं।

इसके बाद रात करीब 1 बजे दूल्हा अपने करीबी रिश्तेदारों और पंडित के साथ अस्पताल पहुंचा। ICU में भर्ती पूजा की मांग में सिंदूर भरकर शादी की मुख्य रस्म पूरी की गई।

अस्पताल स्टाफ भी हुआ भावुक

इस दौरान अस्पताल में मौजूद डॉक्टर, नर्स और अन्य स्टाफ भी भावुक हो गए। शादी के बाद दूल्हा अपने गांव लौट गया, जहां बाकी वैवाहिक रस्में पूरी की गईं।

दूल्हा कर रहा नौकरी की तैयारी

परिजनों के मुताबिक, दूल्हे सन्नी यादव ने बीए किया है और वह नौकरी की तैयारी कर रहा है। हाल ही में वह यूपी पुलिस भर्ती की दौड़ में शामिल हुआ था, लेकिन चयन नहीं हो सका।

 

इस अनोखी शादी ने हर किसी को भावुक कर दिया। विपरीत परिस्थितियों में भी दोनों परिवारों के फैसले और दूल्हे की संवेदनशीलता की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button