गोरखपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी: नाबालिग भाई पर बड़े भाई, भाभी और 3 वर्षीय भतीजे की हत्या का आरोप

बांसगांव के बलुआ बुजुर्ग गांव में तिहरे हत्याकांड से दहशत, पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लिया

आयाम स्वरूप, गोरखपुर

गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ बुजुर्ग गांव में सोमवार तड़के हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पारिवारिक विवाद के चलते एक नाबालिग पर अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 3 बजे की है। मृतकों की पहचान अमित गुप्ता (35), उनकी पत्नी रंजना गुप्ता (32) और उनके तीन वर्षीय पुत्र रेयांश गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों अपने कमरे में सो रहे थे, तभी आरोपी नाबालिग ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसपी दक्षिणी सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।

मृतक अमित गुप्ता के पिता हरिलाल की तहरीर पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button