भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से नाराज किसान, दी राष्ट्रव्यापी आंदोलन की चेतावनी
संयुक्त किसान मोर्चा भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन की तैयारी में है। राकेश टिकैत और युद्धवीर सिंह ने इसे भारतीय किसानों के साथ धोखा बताया
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (India-US Free Trade Agreement) से भारतीय किसान नाराज हैं और इसके विरोध में देशभर में बड़े आंदोलन की चेतावनी दे चुके हैं। किसानों को डर है कि इस डील से भारत का कृषि और डेयरी क्षेत्र अमेरिकी कंपनियों के सामने कमजोर पड़ जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन (BKU) के अनुसार, इस डील से डेयरी और पोल्ट्री सेक्टर को भारी नुकसान होगा और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) प्रणाली भी प्रभावित हो सकती है।
रविवार को नोएडा सेक्टर-29 में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत और राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह ने वाशिंगटन से व्यापार समझौते की घोषणा को 140 करोड़ भारतीयों के साथ धोखा करार दिया। 23 जून को नई दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) की बैठक में सरकार से वार्ता के लिए प्रतिनिधिमंडल बनाकर आगे रणनीति पर भी चर्चा होगी।
भारतीय किसान यूनियन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र भेजकर मांग की कि भारत-अमेरिका व्यापार वार्ताओं के दौरान किसान, मछुआरे, डेयरी एवं पोल्ट्री क्षेत्र के लोगों के हितों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो। ऐसा कोई समझौता न हो, जिससे देश की कृषि व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा व किसानों की आजीविका प्रभावित हो।

