SIR के खिलाफ रामलीला मैदान में आज कांग्रेस करेगी ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस 'वोट चोर गद्दी छोड़' रैली करेगी। इस रैली का उद्देश्य SIR के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करना है।

कांग्रेस आज रामलीला मैदान में रैली आयोजित करके ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर अपना अभियान तेज करेगी तथा सरकार और चुनाव आयोग को चुनाव में कथित तौर पर धांधली करने के लिए ‘मिलीभगत’ को लेकर कठघरे में खड़ा करने की कोशिश करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के सभा को संबोधित कर सकते हैं।
रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और सचिन पायलट समेत शीर्ष नेता शामिल होंगे। रैली लोकसभा में चुनाव सुधारों पर हुई तीखी बहस के कुछ दिनों बाद हो रही है। लोकसभा में सरकार और विपक्ष के बीच मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और अन्य कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर तीखी बहस हुई।
वरिष्ठ नेता पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में इकट्ठा होंगे और फिर बस से रामलीला मैदान के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि इस रैली में लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है। सुरक्षा व्यवस्था टाइट रखी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लगभग 55 लाख हस्ताक्षर एकत्र किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button