
गोरखपुर: आरपीएफ महिला स्टाफ ने ट्रेन में कराई सफल डिलीवरी
आरपीएफ की महिला टीम ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर प्रसव पीड़ा से गुजर रही एक महिला की ट्रेन की बोगी में ही सफल डिलीवरी करा कर एक मिसाल पेश की है।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 24 मार्च 2026 को आरपीएफ (RPF) महिला स्टाफ ने चलती ट्रेन संख्या 15532 (जनरल कोच) में बिहार जा रही एक महिला की सुरक्षित और सफल डिलीवरी कराई। यात्री मित्र पर मिली सूचना के बाद, उपनिरीक्षक प्रियंका सिंह और उनकी टीम ने डॉक्टर रामप्रवेश कुशवाहा के साथ मिलकर मौके पर ही प्रसव कराया, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की शाम 5:30 बजे आरपीएफ को “यात्री मित्र” के तहत सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 15532 में एक महिला को प्रसव पीड़ा हो रही है। इसकी सूचना आरपीएफ को हुई और ट्रेन जैसे ही गोरखपुर के प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची। उपनिरीक्षक प्रियंका सिंह के नेतृत्व में दीपिका यादव, कांस्टेबल सुनीता और जवान अमित उपाध्याय ट्रेन की जनरल बोगी में महिला के पास पहुंचे तब तक इसकी सूचना रेलवे अस्पताल को दे दी गई थी।
मौके पर पहुंचे डॉक्टर
वहां से डॉ. रामप्रवेश कुशवाहा और एक महिला स्टाफ भी मौके पर पहुंच गए थे। डॉक्टर की देखरेख में ट्रेन की जनरल बोगी में ही चद्दर से घेर कर महिला की डिलीवरी कराई गई। महिला ने बच्चे को जन्म दिया, नवजात को महिला आरपीएफ स्टाफ ने अपनी गोद में लेकर दुलारा और फोटो खिंचवाई। इसकी चर्चा ट्रेन में मौजूद सभी लोग कर रहे थे। उनका कहना था कि हमारी सुरक्षा के साथ है सेवा में भी तत्पर रहती है। आरपीएफ इसके लिए उनका ढेर सारा आभार। महिला के कहने पर आरपीएफ टीम द्वारा एंबुलेंस कॉल की है और महिला को नवजात सहित जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। डॉक्टर का कहना है कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ है।

