
कहना नहीं चाहता लेकिन भारत की स्थिति खराब- सैम पित्रोदा
सैम पित्रोदा ने भारत में एआई को लेकर हो रहे विकास पर चिंता जताई है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारत के पास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर कोई पॉलिसी नहीं है। हमें पश्चिम को नहीं, अपनी जरूरतों को देखना होगा।
भारत में IT क्रांति के जनक कहे जाने वाले मशहूर शख्सीयत सैम पित्रोदा ने देश में AI को लेकर हो रहे कामकाज पर तीखी बात कही है। सैम पित्रोदा का कहना है कि भारतीय माइंड दुनिया में छाया हुआ है लेकिन भारत में एआई पर बहुत कम काम हुआ है। एक इंटरव्यू में सैम ने कहा कि मैं कहना नहीं चाहता लेकिन कहते हुए दुख हो रहा है कि एआई के मामले में भारत की स्थिति बहुत खराब है। हमारे पास कोई नीति या दिशा नहीं है।
IANS को दिए इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने कहा कि एआई इंडस्ट्री को आकार देने में भारतीय एक्सपर्ट्स की अहम भूमिका है। इसके बावजूद एआई के क्षेत्र में भारत बहुत तरक्की नहीं कर पाया है। इस तकनीक का उपयोग अदालतों से लेकर स्कूलों, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि की समस्याओं को सुलझाने में होना चाहिए।
सैम पित्रोदा का कहना है कि एआई के क्षेत्र में भारत और एआई के क्षेत्र में भारतीय दोनों अलग बातें हैं। उन्होंने कहा कि कई भारतीय, एआई के क्षेत्र में अपनी काबिलियत दिखा रहे हैं और इसे नया आकार दे रहे हैं, लेकिन एक देश के रूप में हमने बहुत कम तरक्की की है।

