
सरकार बनते ही 90 दिन के भीतर जातीय जनगणना कराएंगे, अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर 'पीडीए' का आरक्षण लूटने का बड़ा आरोप लगाया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के आरक्षण को लूटने का आरोप लगाया है। ‘संविधान बचाओ-आरक्षण बचाओ’ के नारे के साथ अखिलेश यादव ने ‘PDA ऑडिट अंक-1’ नाम से एक आरोप पत्र और लाल रंग की पुस्तक जारी की, जिसे उन्होंने ‘पीडीए आरक्षण घोटाला पुस्तक’ का नाम दिया। अखिलेश ने बड़ा चुनावी दांव खेलते हुए ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनते ही पहले 90 दिनों के भीतर जातीय जनगणना कराई जाएगी और 69,000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को उनका पूरा आरक्षण दिया जाएगा।
सपा सुप्रीमो ने सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा जानबूझकर आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने में लगी है। सरकार सीधे तौर पर लेटरल एंट्री (बिना परीक्षा सीधी नियुक्ति) देकर अपने चहेते लोगों को महत्वपूर्ण और शीर्ष प्रशासनिक पदों पर बैठा रही है। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब युवाओं को न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़े, तो साफ है कि सरकार पक्षपाती है, और जो सरकार पक्षपाती है, वह जनता के साथ विश्वासघात कर रही है। सरकार जानबूझकर बजट खर्च नहीं कर रही है ताकि युवाओं को नौकरी न देनी पड़े।

