
नेतन्याहू वार क्रिमिनल हैं, न्यूयॉर्क में उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है- ममदानी
अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) ने नवंबर 2024 में बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ गाजा में कथित युद्ध अपराधों के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया था
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने कहा है कि अगर इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क आते हैं, तो उनकी गिरफ़्तारी की संभावना पर उनका कार्यालय अब भी विचार कर रहा है.
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ के पॉडकास्ट ‘द इंटरव्यू’ में ममदानी ने कहा कि उनका क़ानूनी विभाग नेतन्याहू की संभावित गिरफ़्तारी के कानूनी पहलुओं पर सक्रिय रूप से चर्चा कर रहा है. ममदानी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान ऐसा करने का वादा भी किया था.
ममदानी ने कहा, “मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू की जगह हेग में है. वे एक युद्ध अपराधी हैं, जिन पर अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) ने आरोप लगाए हैं. पिछले कई वर्षों में उनके कदमों के कारण जो हालात पैदा हुए हैं, उसे देखते हुए बहुत से लोग यही राय रखते हैं”
जब ममदानी से पूछा गया कि कानून उन्हें इस मामले में क्या करने की अनुमति देता है, तो उन्होंने जवाब दिया, “इस पर हमारी कानूनी विभाग के साथ सक्रिय चर्चा चल रही है. लेकिन हमने राष्ट्रीय स्तर पर कई बार देखा है कि कुछ लोग अपने हिसाब से कानून लिखने या कानूनी दायरे से बाहर जाने की कोशिश करते है. हमारी मंशा ऐसा करना नहीं है.”
संयुक्त राष्ट्र में इसराइल के राजदूत डैनी डेनन ने कहा कि ममदानी का यह बयान सिर्फ़ हेडलाइन बनाने के लिए है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “ज़ोहरान ममदानी न्यूयॉर्क का शासन चलाने में नाकाम रहे हैं. मेयर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान देने और शहर में बढ़ रही यहूदी-विरोधी घटनाओं का सामना करने के बजाय उन्होंने इसराइल पर हमला कर विवाद पैदा करने और सुर्खियां बटोरने का रास्ता चुना है.”

