
छत्तीसगढ़ अग्निकांड: बीजेपी नेता समेत तीन को ज़िंदा जलाया
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत खनन के वर्चस्व को लेकर हुए खूनी संघर्ष में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई।
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भाजपा नेता समेत तीन लोगों को कार में जिंदा जला दिया गया। इस जघन्य वारदात ने प्रदेश की राजनीति में एक अभूतपूर्व मोड़ ले लिया है। यह मामला अब ‘भाजपा बनाम भाजपा’ की खूनी जंग बन चुका है। इस तिहरे हत्याकांड में मरने वाले भी भाजपा के नेता थे। हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप भाजपा और भाजयुमो के रसूखदार चेहरों पर लगे हैं।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और कथित तौर पर शामिल तीन अन्य की तलाश जारी है।
इस हत्याकांड के बाद कोरिया जिले में भारी राजनीतिक तनाव और जनआक्रोश फैल गया है। दोनों पक्ष सत्ताधारी दल से जुड़े होने के कारण मामला बेहद संवेदनशील है। स्थिति नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया है। कलेक्टर के आदेश पर धारा 163 लागू है, जिससे राजनीतिक प्रदर्शन, रैली या जुलूस पर प्रतिबंध है। पुलिस बल, वज्र वाहन और दंगा नियंत्रण बल भी तैनात हैं।
