
अमेरिका ने ईरान पर एक महीने बाद फिर हमला किए, ईरान ने जवाब में जॉर्डन पर मिसाइलें दागीं
जुलाई के अंत के बाद यह अमेरिका की पहली ज्ञात सैन्य कार्रवाई है, जो रविवार (30 अगस्त 2026) को की गई।
अमेरिकी सेना ने ईरान पर करीब एक महीने बाद फिर हमला किया है। रविवार को ईरान के लारक द्वीप पर दो रॉकेट लॉन्चर्स को निशाना बनाया गया। लारक द्वीप होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित है। अमेरिका के मुताबिक, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के जवान यहां से होर्मुज स्ट्रेट में रॉकेट और समुद्री बारूदी सुरंगें लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे।
ईरानी सेना ने दावा किया कि इसमें कई सैनिक और नागरिक मारे गए, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। अमेरिकी हमले के कुछ समय बाद ईरान ने जॉर्डन में दो अमेरिकी एयरबेस पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागने का दावा किया।
प्रेस टीवी के मुताबिक, किंग हुसैन और अल-अजराक एयरबेस के तकनीकी एवं रखरखाव ढांचे और लड़ाकू विमानों की पोजिशन को निशाना बनाया गया। हालांकि, अल अरबिया के मुताबिक जॉर्डन की एयर डिफेंस ने ईरानी मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर दिया।

