
उन्हें पता था कि मैं ख़ुश नहीं था और मुझे ख़ुश करना ज़रूरी था
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भारत को रूसी तेल खरीद पर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर भारत सहयोग नहीं करता, तो भारतीय सामानों पर टैरिफ बढ़ाए जा सकते हैं। ट्रंप ने पीएम मोदी का भी जिक्र किया। अमेरिका का आरोप है कि रूस को तेल से होने वाली कमाई यूक्रेन युद्ध में इस्तेमाल हो रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत को लेकर सख्त रुख दिखाया है। उन्होंने कहा है कि अगर भारत रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर अमेरिका की मदद नहीं करता, तो भारतीय सामानों पर लगाए गए टैरिफ और बढ़ाए जा सकते हैं।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता चल रही है। ट्रंप ने सोमवार को कहा कि अगर भारत रूसी तेल मुद्दे पर सहयोग नहीं करता है तो अमेरिका भारत से आने वाले सामानों पर मौजूदा टैरिफ बढ़ा सकता है। ट्रंप का इशारा भारत और रूस के बीच तेल व्यापार की ओर था, जिसका ट्रंप प्रशासन लंबे समय से विरोध करता रहा है।
अपने संबोधन में ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी नाम लिया। उन्होंने पीएम मोदी को अच्छा आदमी बताते हुए कहा कि मोदी जानते थे कि अमेरिकी राष्ट्रपति खुश नहीं है। व्हाइट हाउस की तरफ से जारी किए गए एक ऑडियो में ट्रंप को यह कहते हुए सुना गया, “वह (पीएम मोदी) जानते थे कि मैं खुश नहीं था। मुझे खुश करना जरूरी था। वे व्यापार करते हैं और हम बहुत जल्दी उन पर टैरिफ बढ़ा सकते हैं।”

