
गोरखपुर में 27 विभाग मिलकर रोपेंगे 47.82 लाख पौधे, बनेगा कीर्तिमान
गोरखपुर में इस वर्ष 27 विभाग मिलकर 47.82 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा करेंगे। अभियान के लिए वन, कृषि और उद्यान विभाग की नर्सरियों में 70 लाख से अधिक पौधे तैयार किए जा रहे हैं
गोरखपुर। वृहद पौधारोपण अभियान के तहत इस वर्ष जिले को 47 लाख 82 हजार 763 पौधे रोपने का लक्ष्य मिला है। इसमें वन विभाग को 18 लाख 24 हजार पौधारोपण की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शेष पौधे 26 अन्य विभाग मिलकर लगाएंगे। अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं और विभिन्न नर्सरियों में 70 लाख से अधिक पौधे तैयार किए जा रहे हैं।
वन विभाग के अनुसार इस बार कपि वन, शक्ति वन और एकता वन जैसे थीम आधारित हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इन स्थलों पर अलग-अलग प्रजातियों के पौधे रोपकर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा वन क्षेत्रों के खाली स्थलों को भी पौधारोपण के जरिए विकसित किया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत जून के अंत से होगी और निर्धारित तिथि पर 27 विभाग समन्वय के साथ पौधारोपण करेंगे।

