प्रतीक यादव तलाक लेंगे, पत्नी अपर्णा को बताया स्वार्थी महिला

मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक अपनी पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव से तलाक लेंगे। प्रतीक ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर अपर्णा से रिश्ते खत्म करने का ऐलान किया। उन्होंने 8 घंटे में दो पोस्ट किए। पहली पोस्ट में लिखा-
मैं इस स्वार्थी औरत से जल्द से जल्द तलाक लेने जा रहा हूं। इसने मेरे पारिवारिक रिश्ते बर्बाद कर दिए। इसका एकमात्र लक्ष्य है मशहूर और प्रभावशाली बनना। इस समय मेरी मानसिक स्थिति बहुत खराब है। इसे कोई परवाह नहीं। इसे सिर्फ अपनी ही चिंता है। मैंने कभी ऐसी बुरी आत्मा नहीं देखी। मेरा दुर्भाग्य था कि मैंने इससे शादी की।
दूसरी पोस्ट में लिखा-
जिस इंसान ने मेरी मां, पिता और भाई से मेरा रिश्ता तोड़ दिया, उसके लिए सिर्फ शोहरत मायने रखती है। झूठ, स्वार्थ और दिखावे से भरी ऐसी सोच मैंने कभी नहीं देखी। यह सिर्फ दर्द नहीं, टूटे हुए भरोसे की कहानी है।
अपर्णा इस वक्त भाजपा में हैं, और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक (38) ने अपर्णा (36) से 14 साल पहले लव मैरिज की थी। प्रतीक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं। यानी अखिलेश यादव के सौतेले भाई। अपर्णा ने 2022 विधानसभा चुनाव से पहले अचानक सपा छोड़कर भाजपा जॉइन की थी।
अपर्णा पति प्रतीक के साथ लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग में रहती हैं। हालांकि, सोमवार को अपर्णा चेन्नई गई हुईं थीं, जबकि प्रतीक विदेश में थे। यानी, दोनों लखनऊ में नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button