
नालंदा के शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान भगदड़, 8 महिलाओं की मौत
बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान भगदड़ मच गई। इस दुखद घटना में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
नालंदा जिले के बिहारशरीफ के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार को चैत्र माह के आखिरी मंगलवार पर बड़ा हादसा हो गया।
मंदिर में भारी भीड़ के बीच मची भगदड़ में 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंदिर और मेला को बंद करा दिया है तथा स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शीतला मंदिर हादसे पर शोक जताया और मृतकों के लिए मुआवजे की घोषणा की। मृतकों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये (कुल 6 लाख रुपये प्रति व्यक्ति) की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

