
गोरखपुर में ‘बिच्छू गैंग’ का भंडाफोड़: बस-रेलवे स्टेशन पर बैग काटकर चोरी करने वाले 7 बदमाश गिरफ्तार
गोरखपुर की कैंट पुलिस ने बस और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बैग काटकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ‘बिच्छू गैंग’ के सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
आयाम स्वरूप, गोरखपुर
गोरखपुर में कैंट पुलिस ने बस और रेलवे स्टेशन पर बैग काटकर चोरी करने वाले ‘बिच्छू गैंग’ के 7 बदमाशों को पकड़ा। ये गिरोह व्हाट्सएप कॉल से प्लान बनाकर यात्रियों को निशाना बनाता था। सामान रखने के बहाने पास आकर बैग काट लेते थे। आरोपियों के पास से चाकू, कैंची, सेफ्टी पिन और नकदी बरामद हुई। गैंग का नेटवर्क कई जिलों में फैला था। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- विवेक कुमार, ललितेश, नरेंद्र, अर्जुन (संत नगर, चंदवार गेट, लाइनपार, फिरोजाबाद)
- मुकेश कुमार (उधैना, सहपऊ, हाथरस)
- नीरज कुमार (जैन नगर, उत्तर थाना क्षेत्र, फिरोजाबाद)
बस में बैग कटिंग कर की थी वारदात
सहारनपुर के विजय कॉलोनी निवासी घनश्याम सिंह ने तहरीर में बताया कि 17 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी पत्नी बिमलावती देवी के साथ उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की गोरखपुर डिपो की बस से फाजिलनगर जा रहे थे।
यात्रा के दौरान उनका हल्के नीले रंग का ट्रॉली बैग उनके पास था, लेकिन कंडक्टर बार-बार बैग को पीछे रखने का दबाव बना रहा था। मना करने के बावजूद इशारे पर किसी अन्य व्यक्ति से बैग पीछे रखवा दिया गया। इसी दौरान बैग काटकर सामान चोरी कर लिया गया।
इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें ‘बिच्छू गैंग’ का खुलासा हुआ। इसके बाद रविवार को पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से:
- 15 सेफ्टी पिन
- 10 फोल्डिंग छोटे चाकू
- 10 छोटी कैंची
- एक साड़ी
- 4000 रुपये नकद
बरामद किए हैं।
प्रदेश भर में फैला है गिरोह का नेटवर्क
गिरोह का सरगना मुकेश बताया जा रहा है। इस गैंग के कुछ सदस्य आगरा में रजिस्टर्ड ‘बिच्छू गैंग’ से जुड़े हैं।
मुकेश और अर्जुन पर गोरखपुर के अलावा प्रयागराज, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, अलीगढ़, बस्ती, बुलंदशहर, एटा, जौनपुर, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बागपत और मथुरा समेत कई जिलों में मामले दर्ज हैं।
व्हाट्सएप कॉल से होती थी प्लानिंग
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य शहर में अलग-अलग होटलों में ठहरते थे। हर सुबह करीब 3:30 बजे गैंग लीडर व्हाट्सएप कॉल के जरिए सभी को जगाता था।
इसके बाद सुबह करीब 4:30 बजे वॉयस कॉल पर टारगेट लोकेशन बताई जाती थी, जहां सभी सदस्य बस स्टेशन या रेलवे स्टेशन पर पहुंच जाते थे।
ऐसे करते थे वारदात
गैंग लीडर पहले यात्रियों को चिह्नित करता था और गुर्गों को जिम्मेदारी बांटता था। इसके बाद सभी आरोपी सामान रखने के बहाने यात्री के पास पहुंचते थे और बैग काटकर कीमती सामान व जेवर निकाल लेते थे।
वारदात के बाद सभी अलग-अलग जगह उतरकर फरार हो जाते थे। पकड़े गए सभी आरोपियों की उम्र 30 से 40 वर्ष के बीच है। अर्जुन पर 21 और मुकेश पर 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसपी सिटी का बयान
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि बसों में बैग काटकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। सात आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई से यात्रियों के बीच सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है, वहीं पुलिस ऐसे गिरोहों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

