डीडीयू प्रवेश परीक्षा 30 जून से शुरू: 42 कोर्सों के लिए तीन पालियों में होंगे एंट्रेंस एग्जाम

27 जून से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड, 13 जुलाई तक चलेगी प्रवेश परीक्षा

आयाम स्वरूप, गोरखपुर

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं 30 जून से शुरू होकर 13 जुलाई तक आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभ्यर्थी 27 जून से विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि इस वर्ष कुल 42 पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। परीक्षाएं प्रतिदिन तीन पालियों में संपन्न होंगी।

पहली पाली सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक तथा तीसरी पाली शाम 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

30 जून को इन पाठ्यक्रमों की होगी परीक्षा

प्रवेश परीक्षाओं के पहले दिन यानी 30 जून को पहली पाली में डी. फार्मा, दूसरी पाली में एम.एससी. (कृषि) तथा तीसरी पाली में बी. फार्मा की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

इसके बाद 1 जुलाई को विभिन्न पालियों में बी.एससी. (कृषि) ऑनर्स, बी.एससी. (नेचुरल फार्मिंग), एम.ए. (भूगोल), एम.एससी. (बायोटेक्नोलॉजी), एम.ए./एम.एससी. (गणित) तथा एम.ए. (शिक्षाशास्त्र) की प्रवेश परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी।

27 जून से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार अभ्यर्थी 27 जून से आधिकारिक प्रवेश पोर्टल dduguadmission.in से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।

समय पर सत्र शुरू करने की तैयारी

कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य प्रवेश प्रक्रिया को कम से कम समय में पूरा कर शैक्षणिक सत्र को समय से प्रारंभ करना है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन तीन पालियों में किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिन पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की जा रही है, उनमें प्रवेश प्रक्रिया जुलाई के प्रथम सप्ताह से ही शुरू कर दी जाएगी, ताकि सभी कक्षाएं निर्धारित समय पर संचालित हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button