
अलविदा ग्लास्गो! अब चार साल बाद अहमदाबाद में मिलेंगे
वर्ष 2030 में 24वें राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी अहमदाबाद करेगा, जो इन खेलों का ऐतिहासिक शताब्दी (100वां) संस्करण भी होगा।
कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 का समापन हो गया है। आखिरी समय पर स्कॉटलैंड के ग्लास्गो को मिली इन खेलों की मेजबानी ने कई सवाल तो खड़े किए, लेकिन अंत भला तो सब भला वाली कहावत यहां सटीक बैठती है। अब चार साल बाद इन खेलों का आयोजन भारत के शहर अहमदाबाद में होगा।
ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स की क्लोजिंग सेरेमनी में मशाल को अब भारत के सुपुर्द कर दिया गया है। बीती रात हुए इस समारोह में भारतीय स्टार नीरज चोपड़ा, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी ऊषा और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने कॉमनवेल्थ गेम्स की मशाल आधिकारिक तौर पर अपने हाथों में ली और इसी के साथ ग्लास्गो से ये खेल विदा हुए।
ग्लास्गो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) के समापन के साथ ही आधिकारिक तौर पर अगले खेलों की कमान भारत को सौंप दी गई है। वर्ष 2030 में 24वें राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी अहमदाबाद करेगा, जो इन खेलों का ऐतिहासिक शताब्दी (100वां) संस्करण भी होगा।
ग्लास्गो 2026 खेलों के समापन समारोह में महिला मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाली जैस्मीन लाम्बोरिया भारतीय दल की ध्वजवाहक बनीं। भारत ने इस बार बेहतरीन खेल दिखाते हुए पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया है।

