
गोरखपुर में सावन के चारों सोमवार रहेगा डायवर्जन, आज सुबह से प्रभावी होगी व्यवस्था
गोरखपुर में सावन के चारों सोमवार को कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा हो।
गोरखपुर। पुलिस ने कांवड़ यात्रा और शिवालयों में होने वाले जलाभिषेक को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे ट्रैफिक पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी कर इसकी जानकारी दी। सावन के चारों सोमवार तीन अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त 2026 को प्रमुख शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कई रास्तों पर भारी वाहनों का आवागमन बदला रहेगा।
एसपी यातायात अमित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक सोमवार को होने वाले जलाभिषेक के लिए एक दिन पहले रविवार सुबह 6 बजे से ही डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था सोमवार रात 12 बजे तक यानी कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान प्रमुख शिवालयों की तरफ जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों को प्रवेश देने के बजाय दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा।
महादेव झारखंडी मंदिर में सावन के सोमवार को श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में देवरिया बाईपास से महादेव झारखंडी की तरफ आने वाले बड़े वाहनों को हनुमान मंदिर देवरिया बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन सिक्टौर और अमर उजाला की तरफ से होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। इसी तरह कूड़ाघाट की तरफ से महादेव झारखंडी मंदिर की ओर आने वाले भारी वाहनों को एयरपोर्ट पुलिस चौकी की तरफ मोड़ दिया जाएगा।

