
अमेरिका में शटडाउन ख़त्म, ट्रंप ने बिल पर किया साइन
अमेरिकी सीनेट ने शटडाउन खत्म करने वाले विधेयक को मंजूरी दे दी है, जिस पर राष्ट्रपति ट्रंप ने हस्ताक्षर कर दिया है. इस शटडाउन के कारण संघीय कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला और आम जनता को भी परेशानी हुई.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के इतिहास के सबसे लंबे शटडाउन को समाप्त करने और सरकार को रीओपेन करने से जुड़े एक बिल पर साइन किया है. ट्रंप के साइन के बाद ‘हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स’ से पास यह बिल एक क़ानून बन चुका है. इसी के साथ अमेरिकी शटडाउन समाप्त हो गया है.
बुधवार को ‘हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स’ से यह बिल 222-209 मतों से पास हुआ. इससे दो दिन पहले ही यह बिल सीनेट में बहुत ही कम अंतर से पास हुआ था.
ओवल ऑफ़िस में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि अब सरकार “सामान्य कामकाज फिर से शुरू करेगी”. उन्होंने कहा कि लोग 43 दिन चले इस शटडाउन से बहुत “बुरी तरह प्रभावित हुए हैं”. अमेरिका में कई सरकारी सेवाएं अक्तूबर से बंद थीं और लगभग 14 लाख संघीय कर्मचारी या तो छुट्टी पर थे या बिना वेतन काम कर रहे थे. ख़ाद्य सहायता कार्यक्रम भी ठप पड़े थे और हवाई यात्रा पूरे देश में बाधित हो गई थी.
अब आने वाले दिनों में सरकारी सेवाओं के फिर से शुरू होने की उम्मीद है. वहीं, हवाई यात्रा में आ रही दिक्कतों के भी धीरे-धीरे कम होने की संभावना है. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़एए) को स्टाफ़ की कमी के कारण हवाई यातायात में कटौती करनी पड़ी थी.
माना जा रहा है कि इस बिल से डेमेक्रेटिक पार्टी के सांसद काफी नाराज है. उनका कहना है कि सीनेट में हुए समझौते में वे हेल्थकेयर सब्सिडी का विस्तार नहीं हासिल कर सके. हाउस में पहली प्रक्रिया की वोटिंग 213-209 रही, जिससे फाइनल वोटिंग का रास्ता साफ हुआ है. डेमोक्रेट्स ने आरोप लगाया कि 40 दिनों के लंबे संघर्ष के बाद भी उन्हें अपनी मुख्य मांगों में कोई लाभ नहीं मिला.

