तमिलनाडु: टीवीके के 108 विधायक ने दिया इस्तीफा देने की धमकी

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता से राजनेता बने सी जोसेफ विजय की तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। चर्चा है कि डीएमके और एआईएडीएमके समर्थित वैकल्पिक गठबंधन सरकार बनाने की फिराक में है। इस पर टीवीके ने बड़ी चेतावनी दी है।

तमिलनाडु में अभिनेता-नेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को सरकार गठन के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है। इस बीच एक्टर विजय की पार्टी टीवीके ने गुरुवार शाम बड़ी चेतावनी दी है। टीवीके ने कहा कि अगर दो द्रविड़ पार्टियां एमके स्टालिन की डीएमके या ई पलानीस्वामी की एआईएडीएमके तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा पेश करती है, तो पार्टी का हर विधायक इस्तीफा दे देगा। यह फैसला डीएमके और AIADMK खेमों में हुई दो अहम बैठकों के ठीक बाद आया है। टीवीके को अब शक है कि ये दोनों पार्टियां राज्य में सरकार बनाने के लिए आपस में साठगांठ कर रही हैं और उस पार्टी को बाहर कर रही हैं जिसे जनता का सबसे ज्यादा वोट मिला है।दरअसल टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं। उसका तर्क है कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते राज्यपाल को उसे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए। लेकिन आज इससे पहले राज्यपाल आरवी अर्लेकर ने विजय को सरकार बनाने का दावा पेश करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। राज्यपाल ने कहा कि टीवीके के पास जरूरी संख्याबल नहीं है। उन्होंने विजय द्वारा बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए पेश की गई योजना को भी स्वीकार नहीं किया।

सूत्रों ने बताया कि यह बैठक दो दिनों में दूसरी बैठक थी। जो कि इस बात पर खत्म हुई कि राज्यपाल ने विजय से 118 विधायकों के समर्थन पत्र पेश करने पर जोर दिया। राजभवन से जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का समर्थन अभी तक साबित नहीं हो पाया है। बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए TVK को 10 और सीटों की जरूरत है, और उसे पहले से ही कांग्रेस का समर्थन हासिल है। उसके पास पांच विधायक हैं। बाकी बची सीटों के लिए वामपंथी दलों और कुछ छोटी पार्टियों के साथ बातचीत चल रही है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी अब अदालत जाने की योजना बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button