
कांग्रेस का टीवीके को समर्थन फिर भी सरकार बनाने में मुश्किल
तमिलनाडु में कांग्रेस के सशर्त समर्थन के बावजूद टीवीके के नेतृत्व में सरकार बनने की तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है। विजय एआईएडीएमके समेत कई छोटे दलों को टटोल रहे हैं। आज वो गवर्नर से भी मिलने वाले हैं।
तमिलनाडु में 118 के जादुई आंकड़े से कुछ कम होने के बावजूद, विजय सी जोसेफ की तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) को कांग्रेस का सशर्त समर्थन मिल गया है। लेकिन राज्य में सरकार बनने की तस्वीर अभी भी साफ नहीं है। टीवीके कई दलों से बात कर रही है। हालांकि विजय आज बुधवार 6 मई को राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। विजय राज्य की प्रमुख पार्टी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (एआईएडीएमके) से भी बातचीत कर रहे है, जिसके पास 47 सीटें हैं। कांग्रेस के अलावा अभी किसी भी छोटे दल ने टीवीके के समर्थन का ऐलान नहीं किया है।
विधानसभा चुनाव में तमिल फिल्म सुपरस्टार विजय की पार्टी टीवीके ने शानदार जीत हासिल की और 108 सीटें जीतकर राजनीतिक नक्शे को पूरी तरह से बदल दिया। डीएमके 59 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर सिमट गई। हालांकि, 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के जादुई आंकड़े 118 से पीछे रहने के कारण, विजय की पार्टी को अब गठबंधन में जाना पड़ रहा है।
टीवीके ने मंगलवार को कांग्रेस का समर्थन हासिल कर लिया, जिसने पाँच सीटें जीतीं हैं। हालांकि, कांग्रेस के समर्थन के बावजूद भी कुल सीटें केवल 113 ही रहीं। स्थिर बहुमत हासिल करने के लिए कई छोटे क्षेत्रीय दलों का समर्थन जुटाना आवश्यक है। इन छोटे दलों में “संकोच” की वजह से विजय के खेमे ने अपना ध्यान अब एआईएडीएमके की तरफ मोड़ दिया है। लेकिन एआईएडीएमके दरअसल बीजेपी के साथ गठबंधन में है तो फैसला लेने से पहले एआईएडीएमके अपनी सहयोगी पार्टी से बातचीत ज़रूर कर सकती है। इसलिए एआईएडीएमके समर्थन मिलने की संभावना पर अभी कोई संकेत नहीं है।
कांग्रेस ने टीवीके को सशर्त समर्थन देने की घोषणा की है। कांग्रेस ने दो कैबिनेट मंत्री पद और सरकारी बोर्डों में कुछ अध्यक्षों की मांग की है। आज बुधवार को कांग्रेस की ओर से औपचारिक समर्थन पत्र जारी किए जाने की संभावना है। इसके बाद कांग्रेस के विधायक विजय से पनैयूर (Panaiyur) में मुलाकात करेंगे, जहां से टीवीके का राजनीतिक ऑपरेशन हो रहा है।

