
गोरखपुर में नीलगाय से टकराने के बाद पलटी बोलेरो, तीन की मौत
गोरखपुर में वाराणसी हाईवे पर नीलगाय से टकराकर एक बोलेरो पलट गई, जिसमें तीन रिश्तेदारों की मौके पर ही मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शादी समारोह से लौटते समय मझगांवा के पास हुआ, घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है
वाराणसी हाईवे पर मझगांवा के पास गुरुवार की रात बोलेरो के आगे नीलगाय आ जाने से बड़ा हादसा हो गया। नीलगाय से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर कार हाईवे पर पलट गई जिसमें तीन रिश्तेदारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी लोग शादी समारोह संपन्न होने के बाद घर लौट रहे थे। घायलों को बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे में काेल्हुआ निवासी संजय तिवारी की 18 वर्षीय बेटी उन्नति तिवारी, 65 वर्षीय विजय नारायण तिवारी और गगहा के कोठा निवासी 19 वर्षीय शिवम त्रिपाठी को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि शिवम त्रिपाठी की बहन की बुधवार को शादी समारोह संपन्न हुआ था। हरिखोरा ननिहाल में आयोजन किया गया था, जिसमें रिश्तेदार शामिल होने गए थे और लौटते वक्त हादसा हो गया।
एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि बोलेरो के आगे नीलगाय आने से हादसा होने की बात सामने आयी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से किनारे करा दिया गया है। घायलों में एक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

