
कौन है तारिक रहमान, बांग्लादेश PM के अगले दावेदार
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान 17 साल बाद देश लौट आए हैं। ढाका एयरपोर्ट के पास उनका स्वागत करने के लिए उनकी पार्टी BNP के 1 लाख कार्यकर्ता जुटे हैं।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के बेटे तारिक़ रहमान 17 साल तक देश से बाहर रहने के बाद एक बार फिर 25 दिसंबर को बांग्लादेश लौट आए हैं। बांग्लादेश की राजनीति के ‘क्राउन प्रिंस’ कहे जाने वाले तारिक़ रहमान पूर्व राष्ट्रपति ज़िया-उर-रहमान और पूर्व पीएम ख़ालिदा ज़िया के तीन बच्चों में से सबसे बड़े हैं। रहमान गिरफ्तारी से बचने के लिए 2008 में लंदन भाग गए थे। तब हसीना सरकार में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे थे।
बांग्लादेश में अगले साल 12 फरवरी को आम चुनाव होने हैं। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को बैन कर दिया गया है। ऐसे में बांग्लादेशी नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) चुनाव जीतने की सबसे बड़ी दावेदार है।
BNP की अध्यक्ष खालिदा जिया की उम्र 80 साल हो चुकी है और बहुत बीमार चल रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि रहमान अगले PM के दावेदार हो सकते हैं।
साल 1991 में जब ख़ालिदा ज़िया बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं, तो उस चुनाव में पूरे देश में उनके चुनाव प्रचार को तारिक़ रहमान ने ही संभाला था। 1993 में तारिक़ रहमान की शादी डॉक्टर जु़बैदा रहमान से हुई, जो बांग्लादेशी नौसेना के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ रह चुके महबूब अली ख़ान की बेटी हैं। अब पिछले 17 सालों से रहमान लंदन में निर्वासित जीवन जी रहे थे।

