ICC ने श्रीलंका से 2027 में होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी छीन ली

आईसीसी ने श्रीलंका से 2027 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी छीन ली है। श्रीलंका के लिए ये बड़ा झटका है। बोर्ड में चुनाव नहीं कराए जाने और सरकारी हस्तक्षेप की वजह से ये फैसला लिया गया है।

महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण अगले साल यानी 2027 की शुरुआत में खेला जाएगा। टूर्नामेंट से पहले ही मेजबानी को लेकर बड़ा विवाद देखने को मिल रहा है। दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी पहले श्रीलंका की मेजबानी में खेली जानी थी, लेकिन अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने श्रीलंका से मेजबानी छीन ली है। लंका अब चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी नहीं कर पाएगा।

चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण कहां पर खेला जाएगा, इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, अब ये कन्फर्म हो चुका है कि महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 श्रीलंका की मेजबानी में नहीं खेली जाएगी। आईसीसी और श्रीलंका की सरकार के बीच सारे मामले नहीं सुलझ सके हैं, जिसकी वजह से श्रीलंका से मेजबानी छीन लिया गया है।

श्रीलंका क्रिकेट के ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी के सचिव प्रकाश शैफ्टर ने संडे टाइम्स से बात करते हुए इसकी पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा, “श्रीलंका से इसे स्थानांतरित कर दिया गया है। ये टूर्नामेंट किसी दूसरे स्थान पर खेला जाएगा, लेकिन कहां पर होगा, इसको लेकर मुझे भी कोई जानकारी नहीं है।”

पहले मेजबान होने के नाते श्रीलंका को इस 6 टीमों वाले टूर्नामेंट में डायरेक्ट एंट्री मिल रही थी। लेकिन अब मेजबानी छिन जाने के बाद टूर्नामेंट में उनकी भागीदारी पर भी खतरा मंडरा रहा है।

साल 2023 में भी ऐसे ही सरकारी हस्तक्षेप के कारण श्रीलंका से अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप की मेजबानी छीन ली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button